रेलवे स्टेेशन के यार्ड में रविवार देर रात मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म एक बाधित हो गया है लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। मालगाड़ी में खाद लदी हुई है। मौके पर रेलवे के कई अधिकारी पहुंच गए।
माल गोदाम की साइडिंग में मालगाड़ी को खड़ा करने के दौरान रविवार देर रात उसके आगे के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ मगर प्लेटफार्म नंबर एक पूरी तरह से बाधित हो गया। गार्ड ने हादसे की सूचना कंट्रोल रूम को दी। जिस पर आनन-फानन में रेलपथ निरीक्षक अमर सिंह, आईडब्ल्यू जयंत कुमार व अन्य अफसरों के साथ ही जीआरपी व आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। रेलवे कर्मियों ने बताया कि मालगाड़ी में रौजा से खाद आई थी। खाद बाराबंकी के माल गोदाम में अनलोड होनी थी। मालगाड़ी को साइडिंग में लगाने के दौरान आगे के दो डिब्बों के पहिए पटरी से उतर गए। इससे प्लेटफार्म नंबर एक बाधित हो गया। हालांकि फैजाबाद जाने वाली ट्रेनों के संचालन पर इसका कोई खास असर नहीं है। खाद अनलोड होने के बाद डिब्बों का पटरी पर चढ़ाया जाएगा।