सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के टिकरा गांव में मंगलवार की सुबह एक दिव्यांग नवविवाहिता की मौत मामले में मृतका के मां की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज हुआ था। बुधवार की सुबह स्थानीय पुलिस ने आरोपी ससुर व पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जहां से दोनों को जेल रवाना कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के अमेरा गांव निवासी स्व. राजेंद्र कुमार की पुत्री रेशमा की शादी इसी थाना क्षेत्र के टिकरा मजरे मुकौली ग्राम पंचायत निवासी राममिलन के पुत्र हुबलाल के साथ हुई थी। सोमवार की रात मृतका के भाई संदीप को हुबलाल ने रेशमा के लापता होने की सूचना दी थी। मंगलवार की भोर रेशमा का शव घर के बाहर लगे नीम के पेड़ से झूलता पाया गया था।
सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए हुबलाल, राममिलन, संतोष व शिल्पी चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया था। सूरतगंज चौकी प्रभारी धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि आरोपी पति हुबलाल व ससुर राममिलन को एनुद्दीनपुर (आंदीपुर चौराहे) से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। (संवाद)