बाराबंकी। लखनऊ निवासी प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पांच दिन पहले हुई इस घटना के पीछे दस लाख रुपयों का लेनदेन मुख्य वजह बताई गई है। वहीं, इस मामले के दो आरोपी अभी तक फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि महेश प्रसाद वर्मा निवासी गुमवा खेड़ा बहरौली थाना नगराम जिला लखनऊ के पुत्र राजकुमार वर्मा उर्फ राज की हत्या 12 अक्तूबर को की गई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी संजय वर्मा व रामप्रसाद, दोनों निवासी लखनापुर थाना कोठी को पकड़कर उनकी निशानदेही पर मृतक की बाइक के पुर्जे व घटना में प्रयुक्त की गई कार व एक प्लास्टिक की रस्सी बरामद की है। वहीं इस मामले में फरार दो और आरोपियों रिंकू व दिलीप रावत, दोनों निवासी ग्राम श्यामनगर थाना असंद्रा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मृतक राजकुमार वर्मा उर्फ राज ने आरोपी संजय वर्मा से 7-8 माह पूर्व 11 बीघा जमीन 10 लाख रुपये में खरीदी थी और दोनों के बीच सहमति हुई थी कि एक साल बाद संजय वर्मा अपनी बेची हुई सारी जमीन राजकुमार को 20 लाख रुपये देकर वापस ले लेगा।
इसी बीच राजकुमार द्वारा कस्बा कोठी निवासी पंकज वर्मा से एक बीघा खेत करीब पांच लाख रुपये में खरीदा गया और तीन लाख रुपये पंकज के खाते में आरटीजीएस कर दिया था और दो लाख रुपये देकर रजिस्ट्री होनी थी। दो लाख रुपये राजकुमार के पास नहीं थे तो संजय वर्मा से दो लाख रुपये देने के लिए कहते हुए कहा कि यदि रुपये नहीं दोगे तो वह उस जमीन को बेच देगा। इस पर संजय ने उसकी हत्या की योजना बनाई।
घटना के दिन संजय वर्मा ने राजकुमार से कहा कि तीन बजे तक उसके खाते में पैसा आ जायेगा, उसके बाद चेक लगाकर पैसे निकल लीजियेगा लेकिन पैसा नहीं आया तो राजकुमार द्वारा पैसा के लिए दबाव बनाया गया। इस पर संजय वर्मा ने पैसा दरियाबाद में देने की बात कही। इसके बाद राजकुमार, रिंकू व दिलीप रावत को अपनी कार में बिठा लिया। राजकुमार की बाइक रामप्रसाद को दे दी और कहा कि इसको ठिकाने लगा देना।
उसके बाद संजय वर्मा, रिंकू व दिलीप रावत ने कोटवा सड़क होते हुये बदोसराय थाना अंतर्गत कसरैला डीह के पास राजकुमार की प्लास्टिक की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंक दिया। इधर राम प्रसाद ने राजकुमार की बाइक के कलपुर्जे अलग-अलग कर रारी नदी में डाल दिए जिसे पुलिस द्वारा बरामद किया गया।