हैदरगढ़ (बाराबंकी)। विधानसभा चुनाव की शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने को लेकर कस्बे के जीजीआईसी में बृहस्पतिवार को बीएलओ और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने स्वस्थ मतदाता सूची बनाने पर चर्चा की। दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की शत-प्रतिशत जांच करने को कहा। इस दौरान डीएम ने बीएलओ और सुपरवाइजर से सवाल जवाब करते हुए पूरी तरह प्रशिक्षक की भूमिका में नजर आए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने लगभग सवा घंटे तक पुनरीक्षण से संबंधित नियमों पर बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग व 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की घर-घर जांच करें। जिससे इन्हें डाक से मतदान की सुविधा मिल सके। गरुड़ एप से ब्रह्मांड में कहीं से बूथ की लोकेशन और वहां मौजूद सुविधाओं की जानकारी की जा सकती है।
एप पर बूथ की फोटो और मतदाताओं को दी जाने वाली 27 मूलभूत सुविधाओं का कॉलम समय पर भरना होगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का कार्य विकल्प नहीं अनिवार्यता है। लापरवाही होने पर भारत निर्वाचन आयोग से दंडात्मक कार्रवाई का प्रविधान है जिसमें छह माह से तीन साल तक जेल की सजा हो सकती है।
वहीं सिरौलीगौसपुर में एडीएम राकेश सिंह द्वारा बूथ लेबल अधिकारियों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एडीएम ने बीएलओ को मतदाता सूची से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं प्रशिक्षक आशीष पाठक ने बीएलओ को पुनरीक्षण अभियान की विशेष तिथियों के साथ वृद्धों को पोस्टल बैलेट से आयोग द्वारा मतदान करने की सुविधा प्रदान करने के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर भारी संख्या में बीएलओ मौजूद रहे।
मतदाता जागरूकता संबंधी हुईं प्रतियोगिताएं
बाराबंकी। जिले के विभिन्न विद्यालय व कॉलेज में मतदाता जागरूकता संबंधी प्रतियोगिता हुई। इसमें स्कूल के बच्चों ने मेंहदी, पेंटिंग, पोस्टर आदि के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल के बच्चों ने पोस्टर के माध्यम से वोट मैं अपना देकर आई, चुनकर है सरकार बनाई, युवा शक्ति के है तीन काम, शिक्षा, सेवा और मतदान, बनो देश के भाग्य विधाता, अब जागो प्यारे मतदाता आदि स्लोगन के माध्यम से जागरूक किया गया ताकि नये युवा मतदाता जो 18 से 19 वर्ष के हैं वे अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराते हुये अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इसके अतिरिक्त मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा कविता पाठ भी किया गया। (संवाद)
चुनावी तैयारियों में बर्दाश्त नहीं लापरवाही
बाराबंकी। विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर बृहस्पतिवार को डीएम डॉ. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में डीएम ने कहा कि चुनाव का समय अब नजदीक आ रहा है। विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि मतदान, मतगणना कार्मिक, माइक्रो ऑब्जर्वर व्यवस्था तथा अन्य विभिन्न दायित्वों की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। वहीं मतदाताओं को उनके मताधिकार का प्रयोग के प्रति जागरूक करने का स्वीप योजना के तहत व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाए।
डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि कम जेंडर रेशियो वाले बूथ को चिन्हित करके जेंडर रेशियो बढ़ाने पर विशेष बल दिया जाए। वहीं 1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्रों का फॉर्म-6 भराकर मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ एकता सिंह व एडीएम राकेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)