बाराबंकी। कोरोना की तीसरी लहर से लोगों को बचाने के लिए शासन के आदेश पर सोमवार को जिले में एकबार फिर विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिले भर में 130 केंद्र बनाए गए हैं जिनके माध्यम से 59 हजार लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य है। इसे लेकर विभाग ने सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाता है। इसी के तहत सोमवार को एकबार फिर जिले में विशेष टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जाएगा। विभाग का कहना है कि इस बार एक दिन में 59 हजार 4 सौ लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले भर में 130 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 18 प्लस वालों की संख्या जिले में करीब 22 लाख है। इन सभी को कोरोना का टीका लगाया जाना है। टीकाकरण अभियान के तहत इनमें से अब तक करीब साढ़े 11 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। विभाग का प्रयास कम समय में ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगा दिया जाए।
विभाग का कहना है कि तीसरी लहर आने से पहले ही जिले का जो लक्ष्य है उसे हासिल कर लेना चाहते हैं। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम का जिम्मा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह और यूनीसेफ के जिला समन्वयक डॉ. नितिन खन्ना को सौंपा गया है। इसके अलावा नोडल अधिकारियों की भी तैैनाती की गई है जो पूरे दिन भ्रमणशील रहेंगे।
सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि जिले में एकबार फिर विशेष टीकाकरण अभियान सोमवार को चलेगा। इस दिन 59 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में 130 टीकाकरण केंद्र बनाते हुए अफसरों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।