त्रिवेदीगंज/ कोटवाधाम (बाराबंकी)। लखनऊ व बहराइच जिले में हुए सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि घायल पति व बच्चों की हालत गंभीर बनी है। इसकी सूचना घरों में पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवारीजन रो-रोकर बेहाल थे।
पहली घटना लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में हुई। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के देवापुर निवासी रोहित वर्मा पत्नी योगिता (28) व एक वर्षीय मासूम बेटी रियांशी को बाइक से लेकर लखनऊ दवा लेने गए थे। बृहस्पतिवार की शाम शहीद पथ के पास पीछे से आ रही मिनी ट्रक ने टक्कर ने मार दी। इस हादसे में मां-बेटी की मौके पर मौत हो गई। जबकि पति रोहित को गंभीर दशा में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं कोटवाधाम संवाद के अनुसार, बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी संदीप नाग अपनी पत्नी पिंकी नाग (30) व दो बेटों के संग साली के घर वैवाहिक समारोह में शामिल होने बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के धौराहरा गए थे। शुक्रवार सुबह बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान फखरपुर के पास रेलवे क्रॉसिंग पर बहराइच की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां पति व दोनों बेटे दूर गिरे तो पत्नी ट्रक के नीचे आ गई। जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी एसयूवी, एक घायल
त्रिवेदीगंज। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई तेज रफ्तार एसयूवी का चालक गंभीर रूप घायल हो गया। जिसे सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया। यह हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र के हुसेनाबाद के पास शुक्रवार की सुबह हुआ। ईंट लदाकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से एसयूवी टकरा गई। जिसमें ट्रॉली पलट गई।
वहीं एसयूवी चालक हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पालपुर निवासी प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उसे सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। (संवाद)