बाराबंकी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को सिद्धौर कस्बे के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही 34 करोड़ की 27 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर शुक्रवार को प्रशासनिक अमला पूरी तरह से तैयारियों को अंतिम रुप देने में जुटा रहा।
कार्यक्रम स्थल पर हैलीपैड आदि बनाने का कार्य जोरों पर चल रहा था। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह से गंभीर है और कार्यक्रम सकुशल निपटाने के लिए चार एसडीएम को ड्यूटी लगा उनकी जिम्मेदारी तय की गई है।
एडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि डिप्टी सीएम शनिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे सिद्धौर कस्बा में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए आ रहे हैं। उनका कार्यक्रम आने के बाद सभी प्रकार की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संबंधित अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपते हुए चार एसडीएम को भी लगाया गया है।
कार्यक्रम को सकुशल कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है और इसको लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। सीडीओ एकता सिंह ने बताया कि इस दौरान डिप्टी सीएम 34 करोड़ से बनने वाली 27 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं।