बाराबंकी। जिले में सक्रिय ऑटोलिफ्टर गिरोह पर शिकंजा कसते हुए पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 13 बाइकें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनको कोर्ट में पेश किया गया जहां से वह जेल भेजे दिए गए।
एसपी यमुना प्रसाद ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि फतेहपुर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने तीन शातिर ऑटोलिफ्टर कुलदीप यादव निवासी ग्राम जमोलिया थाना घुंघटेर, रमापति निवासी ग्राम हथोइया थाना रामनगर और दीपू निवासी झंगरा बेलहरा थाना मोहम्मदपुर खाला को रविवार रात साढ़ेमऊ नहर के पास से चोरी की तीन बाइक के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने इनके बताए स्थान से एक मंदिर के कमरे से चोरी की 10 और बाइकें बरामद कीं।
आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह बाराबंकी, सीतापुर, गोण्डा, बहराइच आदि जिलों के के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुरानी बाइकों में मास्टर चाबी से लॉक खोलकर गाड़ी चोरी करते हैं। इसके बाद चोरी की बाइक की नम्बर प्लेट बदलकर इस्तेमाल करते हैं।
चोरी की बाइकें इकट्ठा होने पर सरयू के तराई क्षेत्र में भोले-भाले लोगों को 15-20 हजार रुपये में बेच देते हैं। आरोपियों ने बताया कि वह जुआ खेलते हैं और उसमें हारने पर उसकी भरपाई के लिए बाइकों की चोरी की जाती है। इनका सरगना कुलदीप यादव है, जो बहुत ही शातिर है। अधिकतर बाइक चोरी करने का प्लान इसके द्वारा ही बनाया जाता है।