फतेहपुर (बाराबंकी)। बेखौफ चोरों ने बीयर की दुकान को अपना निशाना बना लिया। दुकान के पीछे से नकब लगाकर बीयर से भरे गत्ते व नकदी समेत हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिहाली मुख्य मार्ग पर अनुज्ञापी घनश्याम गुप्ता की बीयर की दुकान है। रविवार रात दुकान पर तैनात सेल्समैन विक्रम दुकान बंद कर घर चला गया था। इस बीच चोरों ने मौका पाकर दुकान के पीछे से नकब लगा दी और अंदर दाखिल हो गए। दुकान में बीयर से भरी चार पेटी, पांच बीयर की बोतल, सीसीटीवी की हार्डडिस्क और गल्ले में रखे 28 हजार रुपये नकद उठा ले गए।
सोमवार की सुबह जब सेल्समैन विक्रम ने दुकान का ताला खोला तो पीछे की दीवार में नकब लगी देख उसके होश उड़ गए। चोरी की घटना की जानकारी सेल्समैन ने पुलिस को देने के साथ दुकान मालिक को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)