लोनीकटरा के जयचंदमऊ गांव में पोल पर चढ़कर घर का बिजली कनेक्शन ठीक कर रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। सोमवार सुबह जयचंदमऊ में रामतीर्थ (30) पुत्र पाले की पोल पर चढ़कर फाल्ट दुरुस्त करते समय करंट लगने से गिरकर मौत हो गई।
परिवारीजनाें ने बताया कई दिन से गांव में बिजली न आने पर कनेक्शन होने के बाद भी इनके घर में अंधेरा है। अक्सर पोल से कनेक्शन कटने की शिकायत विद्युतकर्मी से की थी लेकिन किसी ने लाइन को दुरुस्त नहीं किया है। सुबह बिजली नहीं होने पर रामतीर्थ पोल पर चढ़कर लाइन दुरुस्त कर रहा था।
इसी दौरान बिजली आने पर करंट लगने से पोल से गिर गया। घायल अवस्था में सीएचसी ले जाया गया जहां से रेफर होने पर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। पीएम कराया जा रहा है। परिवारीजनाें ने कहा हलका लेखपाल को घटना की सूचना दी है।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत कर्मियों की लापरवाही के कारण आए दिन बिजली खराब हो जाती है तथा शिकायत पर लाइन दुरुस्त नहीं होने से लोगों को स्वयं खतरा उठाने पर विवश होना पड़ता है। सूचना के बाद भी कोई विद्युत व पुलिस कर्मी गांव नहीं पहुंचा है। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने कहा करंट लगने से मौत होने की कोई सूचना पुलिस के पास नहीं है।
उधर, कोतवाली अंतर्गत गोकुलपुर गांव निवासी अमित (27) पुत्र रघु मंगलवार देर शाम बिजली जाने के बाद घर के अंदर टूटे तार को जोड़ रहा था। इसी बीच अचानक बिजली आ गई और वह इसकी चपेट में आ गया। हालत गंभीर होने पर परिवारीजन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।