बाराबंकी। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) रविवार को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर होगी। दो पाली में होने वाली इस परीक्षा में करीब 23 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। नकलविहीन पारदर्शी परीक्षा कराने को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक स्टेटिक व पर्यवेक्षण को तैनात किया जाएगा।
रविवार को सुबह की पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा 30 केंद्रों पर होगी। इसमें 14112 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जबकि दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर के 8878 अभ्यर्थी 19 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगा दी गई है।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से साढ़े 12 बजे तक व दूसरी पाली में दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक होगी। हालांकि इस पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी बढ़ाई गई है। वह ट्रेजरी से प्रश्नपत्र लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे। उसके बाद परीक्षा संपंन होने के बाद उत्तर पुस्तिका लाकर जमा कराएंगे। डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि टीईटी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।