बाराबंकी। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत मऊजानीपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत परिसर में गंदगी मिलने पर डीएम के तेवर तल्ख हो गए। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और यहां तैनात सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया।
शुक्रवार को डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने जिला पंचायत राज अधिकारी के साथ विकासखंड देवा की ग्राम पंचायत मऊजानीपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मी शंभूनाथ बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। ग्राम पंचायत के भवन, परिसर व आसपास काफी गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने सफाईकर्मी शंभूनाथ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सफाईकर्मी द्वारा नियमित रूप से सार्वजनिक रास्तों व नालियों आदि की सफाई नहीं की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि सहायक विकास अधिकारी बंकी को जांच अधिकारी नामित किया जाता है। निलंबन अवधि में शंभूनाथ कार्यालय सहायक विकास अधिकारी विकासखंड देवा से संबद्ध रहेगा। (संवाद)