सफदरगंज (बाराबंकी)। परीक्षा देकर अयोध्या से लौट रहे बाइक सवार भाई - बहन डिवाइडर से टकराने के बाद घायल हो गए। हादसे में लखनऊ के अलीगंज निवासी भाई की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बहन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसा शनिवार शाम करीब चार बजे लखनऊ- अयोध्या हाईवे पर अहमदपुर टोल प्लाजा के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र निवासी सूर्यभान गौतम (23) अपनी बहन श्रेया गौतम के साथ शनिवार को अयोध्या स्थित एक कॉलेज से स्नातक की भूगोल विषय की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे।
हाईवे पर अहमदपुर टोल प्लाजा के निकट असंतुलित हुई बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद हाईवे पर गिरे भाई - बहन गंभीर रूप ये घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर अहमदपुर चौकी प्रभारी अवधेश कुमार व एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
आनन-फानन घायल भाई और बहन को जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने छात्र सूर्यभान को मृत घोषित कर दिया। वहीं बहन श्रेया का इलाज किया जा रहा है। पुलिस से सूचना पाकर लखनऊ में रहने वाले परिवारीजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।