बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन पर न्याय पंचायत बरौली जाटा 113 अंक अर्जित कर ब्लॉक में ओवर आल चैंपियन बना। दूसरे नंबर पर जहांगीराबाद न्याय पंचायत की टीम रही। वहीं देवा ब्लॉक के सालारपुर में हुई प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दमखम दिखाया।
बीईओ सुषमा सेंगर के नेतृत्व में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में चार सौ मीटर रिले रेस में बरौली जाटा प्रथम व जहांगीराबाद दूसरे स्थान पर रहा। सौ मीटर दौड़ में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में पूरे जरूवा का छात्र आयुष विजयी रहा। जबकि बालिका वर्ग प्राथमिक स्तर पर फतेहसराय की छात्रा आसिया प्रथम रही।
जूनियर वर्ग के व्यक्तिगत चैंपियनशिप कोठीडीह के छात्र शिवांशु व बालिका वर्ग में बरौली जाटा की आकांक्षा ने जीती। पीटी के विशेष प्रदर्शन में पाटमऊ प्रथम व शहावपुर दूसरे स्थान पर रहा। मुख्य अतिथि बीडीओ बंकी रश्मि सिंह व बीइओ सुषमा सेंगर ने शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर फिरोज अजहर, सूरज यादव, राजेंद्र सिंह, रामप्रकाश, आलोक यादव, अखिलेश बाजपेई, मेवालाल, किरण विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
ब्लॉक देवा की ग्राम सभा सलारपुर स्थित आदर्श कॉलेज में परिषदीय विद्यालयों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में पचास और सौ मीटर दौड़ प्राथमिक में विशाल ने बाजी मारी। दो सौ मीटर में मान सिंह ने पहला स्थान प्राप्त किया। पचास मीटर दौड़ बालिका वर्ग में खुशबू तथा सौ मीटर में प्रियांशी प्रथम और दो सौ मीटर दौड़ में प्रियांशी पहले स्थान पर रहीं।
जूनियर बालक वर्ग की दौड़ में दो सौ मीटर दौड़ सुमित तथा चार सौ मीटर दौड़ में सचिन को पहला स्थान मिला। बालिका वर्ग की दो सौ मीटर दौड़ में मोहिनी तथा चार सौ मीटर दौड़ महक ने जीती। कबड्डी में कंपोजिट छेरिया के बच्चे अव्वल रहे। कबड्डी प्राथमिक में बबुरीगांव प्रथम रहा।
खो-खो में यूपीएस महमूदाबाद प्रथम रहा। इससे पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र यादव ने बच्चों के मार्च पास्ट की सलामी ली। प्रतियोगिता के विजयी छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बीईओ राम नारायन, प्राचार्य शमशेर खान, राम नरेश, ज्ञानेंद्र कुमार, ऋतु पाठक आदि मौजूद रहे।
आवास विकास स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में आयोजित इंटर हाउस स्पोर्ट्स मीट के तीसरे दिन खो-खो बालिका वर्ग में शास्त्री हाउस, वॉलीबाल बालक वर्ग में शास्त्री हाउस विजेता रहे। टेबल-टेनिस में बालिका वर्ग का विजेता टैगोर हाउस रहा, जबकि टेबल-टेनिस बालक वर्ग में प्रताप हाउस ने बाजी मारी। इस मौके पर प्रधानाचार्या डॉ. अंजलि श्रीवास्तव, मिथिलेश मिश्रा, विक्रम आगा, दलजीत कौर आदि मौजूद रहे।