बाराबंकी। गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़कें अब नेशनल हाईवे की तर्ज पर बनाई जाएंगी। इसके लिए जिला पंचायत ने कार्ययोजना तैयार की है। जिला पंचायत पहली बार हॉटमिक्स प्लांट से सड़क बनवाने जा रही है। इसके लिए दो चरणों में करीब 60 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है। सड़क निर्माण के टेंडर आदि की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही इसका काम भी शुरू हो जाएगा।
गांवों में होने वाले कई विकास कार्य जिला पंचायत स्तर से करवाया जाता है। इसके लिए प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। इनमें सड़क, नाला निर्माण, सीसी मार्ग आदि काम होते हैं। अभी तक गांव में जो जिला पंचायत सड़कें बनती थीं पुराने तरीके से बनती थीं। लेकिन शासन के निर्देश पर अब गांवों में सिर्फ हॉट मिक्स प्लांट से ही सड़कें बनाने का काम शुरू किया जा रहा है।
जिले में इसके लिए जिला पंचायत दो चरणों में काम कराएगा। पहले चरण में पंद्रहवें व राज्य वित्त आयोग से 71 सड़कें बनेगी। जिस पर करीब 20 करोड़ रुपये का खर्च होगा। वहीं दूसरे चरण में 163 सड़कें बनेंगी। इस पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। खास बात यह रहेगी कि इन सड़कों के बीच में सफेद पट्टी बनाने के साथ चौराहों पर भी वैसे ही पट्टियां बनेंगी जैसे नेशनल हाईवे पर बनती हैं। इससे जहां इन सड़कों की मजबूती बढ़ेगी। वहीं इन पर चलने वाले लोग हादसों से भी बच सकेंगे।
पहली बार जिला पंचायत द्वारा गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़कों को हॉटमिक्स प्लांट से बनाया जा रहा है। यह सड़कें एनएच की तर्ज पर बनेंगी। दो चरणों में बनने वाली सड़कों पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है।
-संजय शर्मा, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत