जंहागीराबाद (बाराबंकी)। युवक ने एक महिला का नहाते समय उसका फोटो व अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की है लेकिन उसने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है।
यह घटना थाना जंहागीराबाद इलाके के एक गांव की है। पीडिता ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले उसके पड़ोसी एक युवक ने घर में नहाते समय उसके अश्लील फोटो लेेने के साथ वीडियो बना लिया। उसके बाद युवक ने महिला को यह वीडियो व फोटो दिखाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि युवक लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। लेकिन इस बीच जब उसका वीडियो वायरल हुआ तो वह उसके पति ने देख लिया। इसके बाद उसके घर में विवाद होने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
महिला का आरोप है कि बीते चार दिन से वह थाने का चक्कर लगा रही है लेकिन अभी तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। एसओ दर्शन यादव का कहना है कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)