बाराबंकी। जिला पूर्ति अधिकारी ने सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में संचालित कोटे की पांच दुकानों पर ताबड़तोड़ छापा मारा। डीएसओ द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोटेदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने अनाज वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि 19 अगस्त तक शेष अनाज का उठान हर हाल में कर लिया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान डीएसओ ने विपणन शाखा के गोदाम पर पहुंचकर उठान की समीक्षा की और खामियां पाए जाने पर विपणन निरीक्षक को अब तक हुए उठान के प्रपत्र पेश करने के आदेश दिए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने शुक्रवार को बदोसरायं, सैदनपुर और मेलारायगंज में संचालित पांच कोटे की दुकानों पर छापा मारा। जांच में पाया कि कोटेदारों द्वारा अनाज का वितरण किया जा रहा था। मौके पर मौजूद कई लाभार्थियों से डीएसओ ने बात की। इस दौरान कई दुकानों में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देेश दिए। उन्होंने अनाज वितरण के संबंध में रास्ते से गुजर रहे लोगों से बात भी की।
इधर कुछ माह से अनाज का वितरण सुचारु रुप से किया जा रहा है। इसके बाद डीएसओ ने विपणन गोदाम का निरीक्षण किया और उठान की समीक्षा करते हुए कहा कि 19 तक शेष अनाज का उठान हर हाल में करा दिया जाए। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी को दिए जा रहे अनाज की भी समीक्षा की। वहीं विपणन खामियां पाए जाने पर विपणन निरीक्षक को उठान संबंधी प्रपत्र कार्यालय में पेश करने के निर्देश दिए।