फतेहपुर (बाराबंकी)। बारिश व तेज हवा के चलते बिजली के तार पर पेड़ की डाल गिर गई जिससे कस्बा के फीडर लाइन में फाल्ट आ गई। इससे पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और करीब 50 हजार आबादी को परेशानी झेलनी पड़ी।
बृहस्पतिवार सुबह बारिश के साथ चल रही तेज हवा से मुख्य लाइन पर बिजली के तार पर पेड़ की डाल गिर गई। जिससे लाइन में फाल्ट आ गई। साथ ही टाउन फीडर में स्पार्किंग होने से इनकमिंग इंस्ट्रूमेंट भी जल गया। इससे पूरे कस्बा की बिजली गुल हो गई। सुबह बिजली गुुल होने से लोग पानी के लिए परेशान रहे।
पानी के लिए लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। बारिश के चलते फाल्ट ढूंढने व तार को जोड़ने के लिए कर्मचारी बारिश थमने का इंतजार करते रहे। बारिश थमने पर बिजली कर्मचारियों ने कई घंटे बाद फाल्ट दुरुस्त करना शुरू किया। करीब 10 घंटे बाद फाल्ट दुरुस्त हो सका।
इस दौरान करीब 50 हजार आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोग परेशान रहे। उपखंड अधिकारी सर्वेश कुमार का कहना है कि 33 हजार की लाइन में फाल्ट होने के कारण टाउन फीडर बंद हो गया था। फाल्ट को दुरुस्त कराकर सप्लाई को सुचारु रूप से चालू करा दिया गया है। (संवाद)