बाराबंकी। एनएचएम में तैनात संविदा कर्मियों ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। धरना दे रहे कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। इस बार हम लोग आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार को सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आरपी सिंह ने कहा कि हमारी जायज मांगें भी नहीं मानी जा रही हैं जिस पर हम लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। कहा कि जब हम लोगों की मांगों को मान नहीं लिया जाता है तब तक धरना जारी रहेगा। संविदा कर्मी पूरी तरह से आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। जिला महामंत्री डॉ. रईस खान ने कहा कि हम लोग पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ अपना कार्य कर रहे हैं लेकिन सरकार है कि हमारी मांगों को मानने के लिए तैयार नहीं है।
इसलिए हम लोग धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। कहा कि हम लोगों की मांगें नहीं मानी गई तो हम लोग आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वहीं आशा एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष किरन यादव ने मांगों को जायजा बताते हुए और धरने का समर्थन करते हुए कहा कि बुधवार से आशाएं भी धरने में शामिल होंगी। इस मौके पर डॉ. नजमुल, डॉ. ज्ञानेंद्र भारती, मंजू पांडे, विनोद शर्मा, सुरेश द्विवेदी, गौरी शंकर त्रिपाठी, सिद्धार्थ सेन, माया देवी, रिंकी वर्मा, महेश कुमार, आकांक्षा मिश्रा, रमा वर्मा आदि मौजूद रहे।