सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। कोरोना की जांच कराने पहुंचे एक व्यक्ति ने मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मी से जमकर मारपीट की। आरोप है कि बीचबचाव करने पहुंचे चिकित्सकों व अन्य कर्मियों से भी अभद्रता की। जिस पर चिकित्सकों ने ओपीडी और आपात सेवाओं को पूरी तरह से ठप कर दिया। इससे अस्पताल आए मरीज पूरे दिन उपचार के लिए इधर-उधर भटकते रहे। जिससे उनको खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं कर्मियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन भी किया।
क्षेत्र के थानाडीह निवासी पुष्पेंद्र शुक्ला गांव के रामधन के साथ दोपहर करीब एक बजे संयुक्त चिकित्सालय में कोविड की जांच कराने गए थे। आरोप है कि बिना मास्क के पहुंचने पर मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मी रवि ने टोक दिया। इस पर पुष्पेंद्र भड़क गए और थोड़ी देर बाद समर्थकों के साथ पहुंचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी और चिकित्सक बीचबचाव करने पहुंचे तो इन लोगों ने उनसे भी अभद्रता की।
इससे नाराज चिकित्सकों और कर्मचारियों ने ओपीडी के साथ ही आपात सेवाएं पूरी तरह ठप कर दीं और पूरे मामले की जानकारी सीएमएस डॉ. नीलम गुप्ता को दी। सीएमएस के निर्देश पर स्वास्थ्य कर्मी ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें उसे भाजपा का कार्यकर्ता बताया गया है।
अस्पताल में दोपहर बाद स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो जाने से यहां पर उपचार के लिए आए मरीज इधर-उधर भटकते रहेे जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बाबत सीएमएस डॉ. नीलम गुप्ता ने बताया कि कोविड जांच में लगे स्वास्थ्य कर्मी ने मास्क न लगाए जाने पर एक व्यक्ति को टोका था। जिस पर उसके साथ मारपीट की गई है। प्रभारी निरीक्षक बदोसरायं दयाशंकर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
सीएचसी सिरौलीगौसपुर का मामला संज्ञान में नहीं है फिर भी पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. रामजी वर्मा, सीएमओ