गनेशपुर (बाराबंकी)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के लखीमपुर के तिकुनिया में रविवार को हुई हिंसा में मारे गये बहराइच के मटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरनिया निवासी 22 वर्षीय मृतक गुरुविंदर सिंह और नानपारा कोतवाली के ग्राम बंजारन टांडा निवासी 42 वर्षीय मृतक किसान के परिवारीजनों से भेंटकर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रही थीं।
उन्हें रामनगर इलाके में सरयू बैराज पार करते ही पुलिस ने रोक लिया। इससे नाराज कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और वहीं पर धरने पर बैठ गए। जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। यह देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और करीब आधे घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रियंका के साथ नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पीएल पुनिया आदि को जाने दिया गया। तब जाकर कांग्रेसियों ने धरना समाप्त किया।
जिले की सीमा में पहुंचने पर सफेदाबाद स्थित केवाड़ी मोड़ पर पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष आलोक प्रसाद, वीरेंद्र चौधरी, तनुज पुनिया आदि ने राष्ट्रीय महासचिव का जोरदार स्वागत किया। जैदपुर विस क्षेत्र प्रभारी तनुज ने बताया कि हम लोग जैसे ही सरयू बैराज पार कर पहुंचे थे कि पुलिस ने राष्ट्रीय महासचिव के काफिले को रोक लिया। जिसके विरोध में कांग्रेसी वहीं धरने पर बैठ गए। इससे हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लगने लगा।
यह देख पुलिस ने राष्ट्रीय महासचिव समेत सात अन्य नेताओं को बहराइच जाने की इजाजत दे दी। इसके बाद धरना दे रहे कांग्रेसियों ने धरना समाप्त किया और पुलिस के समझाने के बाद वापस लौट आए। इस मौके पर ज्ञानेश शुक्ला, राजेंद्र वर्मा, सरजू शर्मा, विनीत वर्धन, गौरी यादव, शबनम वारिस, केसी श्रीवास्तव, इरफान कुरैशी आदि मौजूद रहे।
बगैर टोल टैक्स दिए गुजर गए काफिले में शामिल 70 वाहन
मसौली। लखीमपुर में हुई घटना में बहराइच जिले के एक किसान की मौत के बाद उसके घर जा रहीं कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी का काफिला बगैर टोल टैक्स दिए ही शहावपुर टोल प्लाजा से गुजर गया। इस काफिले में 70 से अधिक वाहन होने की बात कही जा रही है।
प्रियंका गांधी गुरुवार शाम करीब पांच बजे लखनऊ से बहराइच की ओर जा रहीं थी। इसी बीच मसौली क्षेत्र के शहावपुर टोल प्लाजा पर उनका काफिला बगैर टोल टैक्स दिए ही निकल गया। टोल प्लाजा कर्मचारियों के अनुुसार काफिले में 70 से अधिक वाहन शामिल थे।
सूत्रों की मानें तो वाहनों को टोल फ्री कराने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा कहा गया था। इस संबंध में टोल प्लाजा मैनेजर पंकज सिंह ने बताया कि प्रियंका गांधी के काफिले में शामिल वाहनों द्वारा कोई टोल टैक्स नहीं दिया गया है। इसके चलते 10 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। (संवाद)