हैदरगढ़ (बाराबंकी)। जिले में बिजली कटौती ने गर्मी में कोढ़ में खाज वाले हालात पैदा कर दिए हैं। बाराबंकी, रामसनेहीघाट व फतेहपुर डिवीजन के 1000 से अधिक गांवों में तो 12 से 14 घंटे तक कटौती हो रही है। हैदरगढ़ कस्बे में सुबह साढ़े दस से शाम सात बजे तक बस एक घंटा ही बिजली मिली। बिजली पर निर्भर करीब 25 हजार की आबादी गर्मी से बेहाल रही। तपती दोपहरी में जेरनेटर धुआं फेंकते नजर आए।
पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के अनुसार, जिले को रोजाना करीब 260 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है। लेकिन 10 से 15 मेगावाट बिजली कम मिल रही है। इसलिए बिजली कटौती की जा रही है। हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, सोमवार को हैदरगढ़ कस्बा को सुबह साढ़े दस से शाम सात बजे तक बस एक घंटा ही बिजली मिली। इससे करीब 25 हजार की आबादी गर्मी से बेहाल रही।
सुबह करीब साढ़े दस बजे रोस्टिंग में तीन घंटे के लिए कस्बा की बिजली काटी गई थी। दिन में डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति शुरू होते ही महज पांच मिनट में फिर चली गई। टाउन सब स्टेशन को बिजली आपूर्ति करने वाली 33 केवीए लाइन में शॉर्टसर्किट से आग लग गई तथा तार टूट कर नीचे गिर गए। मौके पर अग्निशमन दस्ते ने पहुंच पेड़ व झाड़ियों में लगी आग को बुझाया।
तीन घंटे में लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति शुरू ही हुई थी कि फिर पांच से शाम सात तक तीन घंटे की रोस्टिंग शुरू होने पर बिजली चली गई। बरावां, बीजापुर, नरौली, दतौली, शालपुर, चौबीसी, भिखरा, खरसतिया, बहुता, लाही, सहावर, पोखरा, त्रिवेदीगंज, पूरे देवीदास सहित सौ से अधिक गांवों में 50 हजार से अधिक उपभोक्ता 12 घंटे की अधिक की कटौती से परेशान रहे।
अधिशाषी अभियंता सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि बिजली लाइन में फाल्ट होने से दिन में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। रामसनेहीघाट डिवीजन के बिजली उपकेंद्र देवीगंज से जुड़े गांवों में भी बिजली कटौती से हाहाकार मवा है। दिन में तीन बजे तक बिजली गुल ही रहती है। रात में 11 बजे जाने के बाद रात में तीन बजे आती है।
64 बकायेदारों की कनेक्शन काटे, तीन पर केस
फतेहपुर। फतेहपुर क्षेत्र में पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने चेकिंग अभियान में बिजली चोरी पकड़ी। चेकिंग के दौरान 10 हजार से ऊपर 64 बकायेदारों की कनेक्शन काटे गए। तीन लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का केस भी दर्ज करा दिया गया। विद्युत वितरण खंड फतेहपुर के एसडीओ सर्वेश कुमार के नेतृत्व में कस्बा फतेहपुर, कस्बा बेलहरा व ग्रामीण क्षेत्र बद्दुपुर, खिझना में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान 317 घरों की चेकिंग की गई। इनमें दस हजार से ज्यादा बिल बकाया होने पर करीब 64 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। वहीं बेलहरा क्षेत्र में दो व खिझना में एक लोग विद्युत की चोरी करते पकड़े गए। इनके विरुद्ध केस दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है। संवाद