बाराबंकी। जिले में बुधवार को तेज हवा के साथ तीखी धूप मौसम का तो चुनावी समर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामसनेहीघाट में और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कुर्सी में रैली से सियासी पारा ऊपर चढ़ा दिया। अखिलेश ने कहा कि जिनके परिवार नहीं हैं वे परिवार का दर्द क्या जानें। मोदी ने इसका रामसनेहीघाट में जवाब देते हुए कहा कि इन परिवारवादियों को न गरीबों के परिवार का दर्द दिखा और न ही तीन तलाक से पीड़ित मुस्लिम बहन-बेटियों का। इनका दर्द भाजपा ने अनुभव किया। क्योंकि पूरा देश और समाज हमारा परिवार है।
बाराबंकी में बुधवार को मौसम के साथ सियासी पारा भी गरमाता रहा। सुबह से ही मीलों पैदल चलकर मोदी की रामसनेहीघाट रैली में पहुंचे लोगों का उत्साह देखने लायक था तो कुर्सी विधानसभा क्षेत्र में सपा मुखिया अखिलेश यादव को सुनने के लिए जुटी भीड़ का उत्साह भी चरम पर था। अखिलेश के निशाने पर योगी और मोदी ही रहे तो मोदी ने परिवारवादियों के जरिये सपा, बसपा और कांग्रेस सभी पर निशाना साधा।
भीड़ का दम देखकर दोनों दल के नेता जहां गदगद थे, वहीं जनता भी उत्साह से लबरेज दिखी। पांचवें चरण में होने वाली जिले की छह सीटों पर चुनाव में 52 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। इनके समर्थन में सभी दलों के स्टार प्रचारक आते जा रहे हैं। बुधवार को बाराबंकी और अयोध्या के कुल 11 भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में पीएम मोदी चार हेलीकॉप्टरों के साथ यहां उतरे तो पूरा इलाका मोदी-मोदी के नारों के साथ गूंज उठा।
मंच पर पहुंचते ही मोदी बोले, जितनी भीड़ अंदर है उतनी ही बाहर है। यह हमने हेलीकॉप्टर में बैठे ही देख लिया था। पीएम ने 40 मिनट के भाषण में पिछड़े मुस्लिम, गरीबों की योजनाओं का लाभ देने का जहां दावा किया वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवादियों ने अपनी सरकारों में सिर्फ अपना परिवार बढ़ाने पर ध्यान दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता आज आपके बीच है। यह हम सबका सौभाग्य है कि हमें ऐसे नेता के नेतृत्व में काम करने का मौका मिल रहा है। रैली में लोगों का उत्साह देखकर प्रत्याशी और भाजपाई फूले नहीं समा रहे थे। पर, प्रधानमंत्री ने सभी को सचेत किया कि इतनी बड़ी संख्या में जुटने के बाद किसी को हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ जाना है। बल्कि मतदान तक हमारा प्रणाम और भाजपा को वोट देने की हमारी प्रार्थना एक-एक व्यक्ति तक पहुंचाने में जुटें। जब तक मतदान न हो जाए तब तक न आराम व विश्राम सिर्फ परिश्रम से काम।
उधर, सपा मुखिया दो दिन बाद बुधवार को फिर बाराबंकी में थे। उन्होंने कुर्सी विधानसभा में मोदी और योगी पर निशाना साधा। कहा कि छोटा नेता छोटा झूठ, बड़ा नेता बड़ा झूठ जितना बड़ा नेता उतना बड़ा झूठ। उन्होंने कहा कि बाबा को अब बाय-बाय बोलने का मौका है। बाबा ने टिकट कटा लिया है। उनको 10 मार्च के बाद विदा कर देना है। वोटरों को साधने में कौन कितना कामयाब होगा यह तो वक्त बताएगा। किंतु बाराबंकी के चुनावी समर में मौसम की तरह सियासत भी हवा को लगातार गरम करती जा रही है।