बाराबंकी। समाजवादी पार्टी ने जिले की चार सीटों पर अपने उम्मीदवार भले ही घोषित कर दिए हों लेकिन दो सीटों पर अभी भी पेच फंसा हुआ है। पार्टी नेतृत्व इन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अभी तक नहीं कर सका है जिससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब रामनगर जैसी सीट पर दो दिग्गजों की दावेदारी के बाद उम्मीदवार घोषित कर दिए गए तो हैदरगढ़ और जैदपुर में कौन सा पेच फंसा है जिसके कारण अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की जा सकी है। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जिले में टिकट को लेकर सबसे बड़ा पेच रामनगर सीट को लेकर सपा में फंसा था। यहां से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप व राकेश कुमार वर्मा दोनों लोग दावेदारी कर रहे थे। दोनों के समर्थक भी चुनाव प्रचार में दिन रात एक किए हुए थे। लेकिन सपा ने जिले में टिकट बंटवारे में उलटफेर करते हुए रामनगर से पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई, कुर्सी से पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा व दरियाबाद से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को टिकट दिया है। जबकि जैदपुर व हैदरगढ़ में अभी किसी को टिकट नहीं दिया गया है।
यह दोनों सीटें आरक्षित हैं। यहां पर जैदपुर में सपा का ही विधायक है। लेकिन इसके बावजूद इन सीटों पर प्रत्याशी का नाम सामने न आने से कार्यकर्ता भी तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। वहीं पार्टी जिला संगठन भी इस बारे में कुछ बोलने से कतरा रहा है। इन सीटों पर कई दावेदार भी हैं। जबकि एक दिन बाद नामांकन भी शुरू होने जा रहा है। ऐसे में इन सीटों पर प्रत्याशी कब और कौन घोषित होगा, इसका हर किसी को इंतजार है।