जैदपुर (बाराबंकी)। तालाब में मछली पकड़ने के लिए आए मछुआरों में एक की जाल में फंसकर डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर उसकी तलाश कराई। इस दौरान करीब दो घंटे तक रेस्क्यू के बाद मछुवारे का शव बाहर निकाला जा सका। परिवारीजनों को सूचना देने के साथ पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच कर रही है।
मामला जैदपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंदका का है। यहां के पूर्व प्रधान ने प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित डेबनी तालाब में मछली पालन का पट्टा अपने बेटे सुनील कुमार के नाम से करा रखा है। जहां मछली पालन का काम किया जा रहा है। मंगलवार को सफदरगंज थाना क्षेत्र की के जियावनपुरवा मजरे अम्बौर के 10-12 मछुआरे तालाब में मछली पकड़ने आए थे।
इस दौरान मछुआरा गुड्डू (35) मछली पकड़ने के लिए तालाब के बीच में जाल फैलाने गया था। इसी दौरान उसका पैर जाल में फंस गया और वह बाहर नहीं निकला गया। कुछ देर तक गुड्डू के दिखाई न देने पर साथी मछुआरों को शक हुआ और खोजबीन शुरू की। मगर, उसे खोज नहीं सके। इसके बाद सहमें पूर्व प्रधान के बेटे सुनील ने मामले की सूचना जैदपुर पुलिस को दी।
जिस पर आननफानन प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मछुआरों को असहाय देख पुलिस ने गोताखोरों की टीम बुलाई। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद गुड्डू के शव को बाहर निकाला जा सका। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि अंदका गांव में तालाब में डूबने से एक मछुआरे की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ट्यूबवेल के गड्ढे में डूबकर मासूम की मौत
सूरतगंज। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल के गड्ढे में डूबकर एक मासूम की मौत हो गई। काफी देर बाद मासूम के न दिखाई देने पर परिवारीजनों ने तलाश की तो उसका शव गड्ढे में उतराता मिला। मंगलवार की दोपहर थाना क्षेत्र के सरदारनगर निवासी गगन सिंह घर के बाहर लगे ट्यूबवेल से खेत सिंचाई कर रहे थे। सभी लोग काम में व्यस्त थे।
इसी दौरान घर से बाहर खेलने निकली दो वर्षीय रवनीत कौर ट्यूबवेल के पास पहुंची और पानी से भरे गड्ढे में डूब गई। परिवारीजनों ने काफी समय से मासूम के दिखाई न देने पर तलाश शुरू की तो उसका शव गड्ढे में उतराता मिला। जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही मासूम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। (संवाद)