सूरतगंज (बाराबंकी)। तेज रफ्तर पिकअप की टक्कर से दवा के सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। पिकअप पर महादेवा जा रहे श्रद्धालु सवार थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। जवान बेटे की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। यह हादसा मोहम्मदपुर खाला मुख्य चौराहे पर हुआ।
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सूरतगंज की ओर से आ रहे बाइक सवार को फतेहपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार युवक की कुछ ही मिनटों पर मौत हो गई। स्थानीय लोग जब तक दौड़कर पहुंचते चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान उसके बाइक नंबर से की।
मृतक की शिनाख्त सतरिख थाने क्षेत्र के लक्ष्मनपुर निवासी उपेंद्र नाथ वर्मा के 34 वर्षीय बेटे अवनींद्र कुमार उर्फ शशी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, युवक अपने परिवार के साथ शहर के आवास विकास कॉलोनी में रहकर दवा सप्लाई का कार्य करता था। युवक के परिवार में उसकी पत्नी राधा वर्मा व दो साल का पुत्र आयुष है। थाना प्रभारी रामकिशन राना ने बताया कि पिकअप में उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के सफीपुर गांव के श्रद्धालु सवार थे जो कि महादेवा जा रहे थे। चालक की तलाश की जा रही है।
दो कारों की टक्कर में चार लोग घायल
सफदरगंज। सफदरगंज क्षेत्र में तुलसीपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर सीएनजी पंप का पता पूछने के लिये रुकी एक कार को दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कार में सवार फैजाबाद के बीकापुर निवासी सुनील, राहुल, निशांत लखनऊ में विवेकानंद हॉस्पिटल से मरीज को दिखाकर वापस घर जा रहे थे। रास्ते में तुलसीपुर गांव के पास रुककर सीएनजी पंप का पता पूछने लगे। तभी बाराबंकी की ओर से तेज रफ्तार आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
इससे कार हाईवे किनारे पलट गई। कार सवार सभी लोगों को चोटें आईं हैं। वहीं कार को टक्कर मारने वाली कार हरियाणा से दरभंगा जा रही थी। उसमें चार लोग सवार थे। इनमें एक घायल हो गया। बताते हैं कि कार चालक को नींद आ जाने कारण हादसा हुआ। घटना की सूचना ग्रामीणों ने थाना सफदरगंज को दी। मौके पर पहुंची सफदरगंज पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी बनीकोडर भेज दिया। संवाद
हादसे में बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
त्रिवेदीगंज। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर रविवार देर रात पुलिस की जीप एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में जीप में सवार दरोगा समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना लोनीकटरा थाना क्षेत्र में मंगलपुर गांव के पास हुई।
रात में गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों की जीप बालू लदे खड़े ट्रक में जा टकराई। उस वक्त जीप में दरोगा संजय कुमार समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी सवार थे। हालांकि हादसे में जीप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि सभी पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए।