बाराबंकी। प्रभारी जेल अधीक्षक को एक युवक ने सीयूजी नंबर पर फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जेल अधीक्षक ने मामले की शिकायत पुलिस से की। इस पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जेलर व प्रभारी जेल अधीक्षक आलोक शुक्ला के सरकारी फोन नंबर पर मंगलवार की रात मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम गुरेला निवासी सतीश मिश्रा ने फोन कर जान से मारने की धमकी देने के साथ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। प्रभारी जेल अधीक्षक ने बताया कि आरोपी सतीश मिश्रा की मां सावित्री देवी को दहेज के मामले में सात साल की सजा हो चुकी है।
वह लखनऊ नारी निकेतन गृह में सजा काट रही हैं। कुछ दिन पहले सावित्री को अदालत से पैरोल मिली थी। इसके बाद वह अपने घर चली गई थीं। लेकिन पैरोल का समय पूरा होने के बाद भी जब वह जेल नहीं गई तो लखनऊ जेल से उनके बेटे को फोन कर मां को भेजने की बात कही गई थी।
मगर इसके बाद सतीश मिश्रा ने बाराबंकी जेल अधीक्षक के सीयूजी नंबर पर फोन कर मां को जेल न भेजने की बात कहते हुए यह हरकत की है। इसके बाद हुई शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सतीश मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।