बाराबंकी। विधानसभा चुनाव के लिए पहली से आठ फरवरी के बीच नामांकन होंगे। नामांकन पत्रों के दाखिले के बाद उनकी ऑनलाइन फीडिंग भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक नामांकन कक्ष में कम्प्यूटर, इंटरनेट, प्रिंटर और स्कैनर आदि की सुविधा होगी। प्रशिक्षित कर्मचारियों को इस कार्य के लिए लगाया जाएगा। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों को हैसियत और आपराधिक इतिहास की जानकारी देनी होगी। इसके लिए संबंधित फार्म भरना होगा।
जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए 27 फरवरी को मतदान होना है। इससे पहले पहली से आठ फरवरी के बीच नवाबगंज तहसील परिसर में बनाए गए विधानसभा क्षेत्रवार कक्षों में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। आरओ व एआरओ के समक्ष जमा होने वाले नामांकन पत्रों को मौके पर ही आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा ताकि कोई भी आमजन अपने प्रत्याशी की हैसियत और आपराधिक इतिहास के बारे में जान सके।
नामांकन पत्रों की ऑनलाइन फीडिंग के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती के साथ कम्प्यूटर, इंटरनेट, प्रिंटर व स्कैनर आदि की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। इस बार भी नामांकन पत्र के साथ फार्म-26, बैंक का नया खाता, जाति विशेष होने पर जाति प्रमाण पत्र, नोड्यूज आदि समेत कई अन्य प्रपत्रों को लगाना होगा।
नामांकन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे। इसके साथ ही कोविड गाइडलाइन का भी पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन कराया जाएगा। उम्मीदवारों को मास्क पहनकर नामांकन कक्ष में जाना होगा। वहीं कक्ष के बाहर सैनिटाइजर आदि की भी व्यवस्था कराने के साथ सामाजिक दूरी का भी पालन कराया जाएगा। इसे लेकर पूर्व में ही राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक में दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि नामांकन पत्र के दाखिल के बाद उसकी फीडिंग भी आयोग के पोर्टल की जाएगी। इसे लेकर सभी उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। इसकी तैयारियां की जा रही हैं।