बाराबंकी। विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पहली नवंबर से शुरू हो रहा है। इसे लेकर निर्वाचन विभाग समेत सभी तहसीलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहली जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम सूची में जोड़ने, मृतकों के नाम हटाने के साथ ही संशोधन आदि का काम भी कराया जा सकेगा।
अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने के लिए पहली नवंबर से इसका पुनरीक्षण कार्य शुरू होने जा रहा है। एक माह तक चलने वाले पुनरीक्षण कार्य में पहली जनवरी 2022 तक 18 की आयु पूरी करने वाले युवा अपना नाम सूची में शामिल कराकर मतदान करने का अधिकार पा सकेंगे।
मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए फार्म-6, नाम काटने के लिए फार्म-7, संशोधन के लिए फार्म-8 और एक से दूसरे बूथ पर मतदान के लिए फार्म-8-क भरना होगा। जिले की छह विधानसभा सीटों के सभी बूथों पर बीएलओ या तहसील कार्यालय पर बने काउंटर पर भरे हुए ये फार्म जमा करने की सुविधा रहेगी।
निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण को शनिवार को कलेक्ट्रेट के एनआईसी भवन में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए थे और कहा था कि आरओ, एआरओ की लॉगिन और प्रशिक्षण कार्य समय से पूरा करें। 18 से 19 और 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर जोड़ें। मतदाता जागरूकता अभियान डोर-टू-डोर चलाकर डुप्लीकेट वोटरों को बाहर करें।