बाराबंकी। विधान परिषद सदस्य चुनाव में शनिवार को 99.16 फीसदी मतदान हुआ। मतदाता सूची में शामिल 2853 में से 2829 जनप्रतिनिधि मतदाताओं ने वोट डाला। 15 बूथों पर हुए मतदान में सुबह से ही वोटरों की भीड़ दिखी। अधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण कर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया। शाम चार बजे तक सभी ब्लॉकों पर मतदान समाप्त हो गया था। मतपेटियों को सील कर उसे जिला मुख्यालय लाकर डीआरडीए में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। मतपेटियों में कैद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 12 अप्रैल को होगा। भाजपा और सपा प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
एमएलसी चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के अंगद कुमार सिंह और सपा के राजेश यादव राजू के बीच है। जबकि तीसरे प्रत्याशी के रूप में रामधीरज हैं। शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में हुए मतदान में 99.16 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें कुल 2853 में से 2829 जनप्रतिनिधि मतदाताओं ने वोट डाले। प्रधान, बीडीसी, डीडीसी, ब्लॉक प्रमुख, सभासद, निकाय अध्यक्ष, विधायक सांसद, एमएलसी आदि ने अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर सहभागिता दर्ज कराई।
रामनगर, त्रिवेदीगंज और हैदरगढ़ में सौ प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। सुुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। इसके दो घंटे बाद सुबह दस बजे 496, दोपहर बारह बजे 1559, दो बजे 2519 और शाम चार बजे तक 2829 मत पड़े। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रेक्षक के रविंद्र नायक, डीएम डॉ. आदर्श सिंह, सीडीओ एकता सिंह समेत कई अधिकारी मतदान पर नजर रखे रहे।
कड़ी सुरक्षा में सीलबंद मतपेटियों को डीआरडीए के स्ट्रांग रुम में रखवाकर उसे सील किया गया है। इसकी सुरक्षा अर्धसैनिक बलों द्वारा की जा रही है। 12 अप्रैल को मतों की गिनती की जाएगी। भाजपा और सपा प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
मंत्री व विधायक भी पहुंचे वोट डालने
एमएलसी चुनाव में वोट डालने के लिए जहां मंत्री व विधायक भी पहुंचे वहीं पूर्व सांसद ने बतौर जिला पंचायत सदस्य मताधिकार का प्रयोग किया। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने बनीकोडर ब्लॉक पहुंचकर मतदान किया।
विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने फतेहपुर, विधायक सुरेश यादव ने जिला पंचायत में, जैदपुर विधायक गौरव रावत ने हरख ब्लॉक में वोट डाला। हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने हैदरगढ़ ब्लॉक में तो उनकी पत्नी ब्लॉक प्रमुख आरती रावत ने सिद्घौर ब्लॉक में मतदान किया। पूर्व सांसद व जिला पंचायत सदस्य रामसागर रावत ने भी सिद्घौर ब्लॉक में मतदान किया।
179 लोगों ने सहायक के सहारे डाला वोट
2853 मतदाताओं में से 179 मतदाता ऐसे थे जिन्होंने वोटिंग के लिए सहायक की मांग की थी। इसकी अनुमति उन्हें दी गई थी। ये लोग सहायक के साथ ब्लॉक पर पहुंचे तो अधिकारियों ने मतदाता के साथ सहायक के प्रपत्रों की गहनता से जांच के बाद ही मतदान केंद्र के अंदर जाने दिया। निरक्षर होने के कारण इन मतदाताओं ने सहायक की मांग की थी।