बाराबंकी। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल समेत जिले में शहर से लेकर गांव तक कई अन्य विकास कार्य 4 अरब 45 करोड़ 27 लाख रुपये से कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस पर अंतिम मुहर शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में होने वाली जिला योजना की बैठक में लगेगी। प्रस्तावित यह बजट 45 विभागों में आवंटित किया जाएगा। जिससे जिले में तेजी से विकास कार्य हो सकेंगे। बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान के अलावा सांसद, विधायक समेत सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
जिले में मूलभूत सुविधाओं में शामिल सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल समेत विभिन्न योजनाओं को धरातल पर सही तरीके से लागू करने के लिए बजट की आवश्यकता होती है। इसके लिए एक प्रस्ताव बनाकर प्रतिवर्ष जिला योजना की बैठक की जाती है। इस बार यह बैठक शुक्रवार को होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान करेंगे।
जबकि इसमें सांसद उपेंद्र सिंह रावत, अयोध्या सांसद लल्लू सिंह समेत जिले के छह व अयोध्या जिले के रुदौली विधायक व दो एमएलसी समेत जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। डीआरडीए सभागार में यह बैठक दोपहर 12 बजे से होगी। इसकी तैयारी को लेकर बृहस्पतिवार को सीडीओ एकता सिंह पूरे दिन अफसरों के साथ रूपरेखा बनाने में जुटी रहीं।
किस विभाग को कितने बजट की जरूरत है। इनका खाका भी तैयार किया गया है। इस बैठक में संबंधित 45 विभागों के अफसर भी मौजूद रहेेंगेे। वहीं पिछली बैठक में जिन विभागों को बजट नहीं मिल सका था। इस बार उनको बजट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बाबत डीआरडीए के पीडी भोलानाथ कनौजिया ने बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पिछली बैठक में मिले थे सिर्फ 235 करोड़
बीते वित्तीय वर्ष 2020-21 में हुई बैठक में भी 445.27 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया गया था। लेकिन शासन स्तर से इसके एवज में महज 235 करोड़ 64 लाख रुपया यानी आधा बजट ही स्वीकृत हो सका था। पूरा बजट न मिलने से कई विभागों के विकास कार्य भी प्रभावित हुए थे। जबकि 45 विभागों में से पांच विभागों को एक पैसे का भी बजट नहीं मिला था।