बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के असेनी मोड़ पर शनिवार की सुबह कार सवार बदमाशों ने चालक की पिटाई कर एसयूवी लूटकर भाग गए। दिनदहाड़े हुई घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। उसके बाद चालक की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की।
हैदरगढ़ कोतवाली के शुकुलपुर गांव निवासी शशांक सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह लखनऊ से बाराबंकी वापस आ रहा था। इसी दौरान लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास कार सवार पांच बदमाशों ने उसकी पिटाई की। उसके बाद उसकी एसयूवी लूटकर भाग गए।
एसयूवी में उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, 10 हजार रुपये नकद व चेक रखा था। इसकी सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य व आवास विकास चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार मौके पर पहुंचे। प्रभारी एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अब तक की जांच मेें फाइनेंस पर ली गई एसयूवी की किस्त बकाया होने पर फाइनेंस कंपनी द्वारा उसे खींचकर ले जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
एसपी की फटकार पर दर्ज हुई चोरी की रिपोर्ट
सतरिख। सपा नेता के फार्म हाउस पर एक महिला से लूट व दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आखिरकार सतरिख पुलिस ने एसपी की फटकार के बाद चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। बृहस्पतिवार रात सतरिख थाना क्षेत्र के भिटौली चौराहा के पास सपा नेता के फार्म की रखवाली कर रही महिला को बंधक बनाकर लूट की गई।
वहीं उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने महिला के हाथ-पैर खोलकर उसे मुक्त कराया। इसकी सूचना फार्म हाउस के मालिक व पुलिस को दी। मगर, मामले को दबाने में जुटी सतरिख पुलिस ने उलटे फार्म हाउस के मालिक व महिला को फटकार लगाकर मामले को रफादफा कर दिया।
इसकी जानकारी होने पर प्रभारी एसपी ने प्रभारी थानाध्यक्ष को फटकार लगाई। इस पर हरकत में आई पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुंचकर महिला की एसपी से बात कराई। उसके बाद तहरीर लिखाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रहास मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।