बाराबंकी। बारिश के चलते लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ेल गांव के निकट मिट्टी बह जाने से खतरा बढ़ गया है। समय रहते अगर इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो राष्ट्रीय राजमार्ग धंसने से इंकार नहीं किया जा सकता है। उधर एनएचएआई के अधिकारियों ने जल्द ही मरम्मत कार्य कराने की बात कही है।
शहर के बाईपास से होकर गुजरे लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनऊ पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल के सामने बड़ेल गांव के पास बारिश के चलते हाईवे के निचले सतह से मिट्टी के बहने के साथ डामरयुक्त सड़क भी उखड़ती दिख रही है। हाईवे के किनारे सुरक्षा की दृष्टि से लगाया गया लोहे का एंगल भी टूटने की स्थिति में हैं।
ऐसे में हजारों की संख्या में प्रतिदिन तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के चलते कभी भी बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। वहीं हर बार बारिश के दिनों में हाईवे पर इस प्रकार के नजारे देखने को मिलते हैं। इसके बाद भी एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारी गंभीर नहीं दिखते हैं। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मिट्टी कटने की जानकारी नहीं है। मौके पर कर्मचारियों को भेजकर उसे सही करा दिया जाएगा।