बाराबंकी। केंद्र सरकार के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बुधवार को जिला अस्पताल और मेयो मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। टीम ने कोरोना को लेकर बनाए गए एक-एक वार्ड को देखा। ऑक्सीजन की उपलब्धता के बारे में जाना और वेंटीलेटर तक चलवाकर देखा। टीम ने कुछ जरूरी निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए।
टीम में शामिल डॉ. कामरान व डॉ. लोकेंद्र समेत एक अन्य अधिकारी कोरोना के लिए बनाए गए एल-थ्री मेयो मेडिकल कॉलेज व एल-टू जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल पहुंची टीम ने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण करने के बाद मौजूदा समय में ऑक्सीजन का स्टॉक जाना। यहां से सीधे कोरोना को लेकर बनाए गए वार्डों को जायजा लेने पहुंची टीम ने उपकरणों का हाल देखा।
ऑक्सीजन सप्लाई के तरीकों को जानने के बाद टीम ने वेंटीलेटर चलवाकर देखा। टीम ने साफ-सफाई के साथ ही कोविड-19 से जुड़े प्रोटोकॉल का हर हाल में पालन करने के निर्देश जारी किए। इसी तरह से कोविड के लिए चिन्हित एल थ्री मेयो मेडिकल कॉलेज में कोरोना वार्ड का निरीक्षण किया और यहां के डॉक्टरों व कर्मचारियों को निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि टीम को जिले से अच्छा फीडबैक मिला है। व्यवस्था से संतुष्टि जताई है। उन्होंने बताया कि कोरोना को लेकर पूरी सजगता बरती जा रही है।
नया मरीज न मिलने से राहत
तीन दिन में कोरोना के पांच मरीज मिलने से मचे हड़कंप से कुछ राहत मिली। बुधवार को कोरोना का कोई संक्रमित न पाए जाने से प्रशासन ने राहत की सांस ली। शहर में दो, रामनगर क्षेत्र में एक, जेल में एक समेत कुल पांच मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन की मुसीबतें बढ़ गईं थीं।
शासन से भी इसे लेकर अपडेट मांगे जाने लगे थे। हालांकि बुधवार को कोई संक्रमित न पाए जाने से कुछ राहत मिली है। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि टेस्टिंग लैब पूरी तरह से एक्टिव हैं। हालांकि केन्द्रीय विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों को संदेश भेजा है कि एहतियातन घर से ही पढ़ाई कराने के लिए सहमति देें।