बाराबंकी। श्रम विभाग के भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत करीब 12 हजार श्रमिकों के भी आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। इससे श्रमिकों को पांच लाख रुपये तक की इलाज की मुफ्त सुविधा मिलेगी। इसकी शुरुआत सोमवार से श्रम विभाग के कार्यालय समेत सभी विकास खंडों में होगी।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों व उनके परिवार के सदस्यों का आयुष्मान कार्ड (गोल्डन कार्ड) बनाए जाने के लिए छह से 12 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जाना है। श्रम विभाग के सहायक श्रमायुक्त कार्यालय समेत 15 ब्लॉकों पर तिथिवार शिविर लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
कार्ड बनवाने के लिए पहचान के तौर पर आधार व अन्य मान्य प्रमाण पत्र और राशन कार्ड लाना अनिवार्य है। राशन कार्ड में परिवार के जिन सदस्यों का नाम होगा, उनका आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। छह सितंबर को विभागीय कार्यालय, 7 को बंकी व हरख, 8 को मसौली व देवा, 9 को बनीकोडर, सिरौलीगौसपुर, हैदरगढ़ व सिद्धौर, 10 को पूरेडलई, त्रिवेदीगंज व सूरतगंज, 11 को निंदूरा व फतेहपुर और 12 सितंबर को रामनगर व दरियाबाद ब्लॉक में शिविर लगेगा।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद कुमार ने बताया कि वैसे तो श्रम विभाग में जिले के करीब एक लाख से अधिक श्रमिक पंजीकृत हैं लेकिन लखनऊ स्थित कर्मकार बोर्ड द्वारा एक संस्था से कराए गए सत्यापन के बाद योजना का लाभ देने के लिए 12 हजार पंजीकृत श्रमिकों को चिह्नित कर उनकी सूची मिली है। इसके आधार पर गोल्डन कार्ड बनाये जाएंगे।