देवा (बाराबंकी)। ब्लॉक कार्यालय में पटल निरीक्षण के दौरान वित्तीय दस्तावेज मांगने पर वीडीओ ने बीडीओ से अभद्रता की। जिससे नाराज बीडीओ ने वीडीओ को कार्यमुक्त कर निलंबन की संस्तुति कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी। वहीं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं में गड़बड़ी की आशंका को लेकर विभागीय जांच कराने की मांग की।
मामला देवा ब्लॉक का है। बुधवार को बीडीओ मुनेश चंद्र ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण कर रहे थे। इसी बीच वह समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के पटल का पहुंचे। यहां पटल सहायक ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) अमित पाल से शादी अनुदान योजना के लंबित प्रकरण व कन्या सुमंगल योजना की जानकारी की।
पटल सहायक के टालमटोल करने पर उन्होंने वित्तीय वर्ष का रजिस्टर मांगा। इस पर वीडीओ अमित ने देने से मना कर दिया। शादी अनुदान योजना की लंबित मामलों की पत्रावली मांगते ही वीडीओ ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे नाराज बीडीओ सख्त हुए तो वीडीओ ने उनसे अभद्रता भी की। पोर्टल पर कन्या सुमंगल योजना की अपडेट दिखाने की बात पर वीडीओ ने नेट के इंतजाम न होने का बहाना कर निरीक्षण कार्य में बाधा उत्पन्न की।
इस पर बीडीओ मुनेश चंद्र ने वीडीओ अमित पाल पर समाज कल्याण विभाग की योजनाओं में नियम विरुद्ध कार्य करने व छुपाने के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। वहीं उसे तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए निलंबन की संस्तुति व विभागीय जांच कराने की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी। बीडीओ ने बताया कि इस प्रकरण में समिति गठित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। ताकि विकासखंड में समाज कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में पूर्व में बरती गई धांधली का खुलासा हो सके।