बाराबंकी। मनिकापुर स्टेट की रानी की हवेली व चार दुकानों में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे में खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। मगर, हवेली से चोरी विदेशी सामान बरामद न होने से पुलिस के खुलासे की बात स्थानीय लोगों के गले नहीं उतर रही है।
बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के कोटवाधाम स्थित गोंडा के मनिकापुर स्टेट की रानी वीणा दास की हवेली समेत बीज भंडार, रेडीमेड गारमेंट्स, पान व चूड़ी की दुकान का ताला तोड़कर गुरुवार की रात चोरी हुई थी। एक ही रात में तबाड़तोड़ चोरी की कई वारदातों से सहमे लोगों में काफी आक्रोश था। शुक्रवार को चोरी की सूचना पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड को बुलाकर जांच की।
वारदातों के खुलासे में लगे बदोसराय कोतवाली के एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने 24 घंटे के अंदर थाना क्षेत्र के ही अरियामऊ निवासी सूरज पांडे, राजा उर्फ पारस यादव तथा कोटवाधाम निवासी सतीश यादव व विष्णु कश्यप को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात जैकेट, एक बैटरी, सुपारी, 20 पैकेट माचिस व कपड़े बरामद किये।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी शातिर चोर है। पूछताछ में उन्होंने रानी की हवेली व दुकान के साथ अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटना करने की बात स्वीकार की है। ये लोग चोरी के सामान को कम दामों में लोगों को बेच देते थे। हालांकि रानी की हवेली से चोरी गया टेप रिकार्डर व अमेरिकन रजाई बरामद न होने से पुलिस के खुलासे का दावा स्थानीय लोगों के गले नहीं उतर रहा है।