सुल्तानपुर। पूर्वांचल विकास बोर्ड सदस्य अरविंद सिंह पटेल ने बृहस्पतिवार को जिले की दोस्तपुर नगर पंचायत, सीएचसी अखंडनगर व करौंदीकलां का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सीएचसी पर मिली अव्यवस्था के लिए मौके पर मौजूद जिम्मेदारों को फटकार भी लगाई।
दोस्तपुर विकास खंड कार्यालय के निरीक्षण में गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के अनुसार कार्य पूरे कराए जाए। गुणवत्ता का मानक कम मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सीएमओ को इसमें सुधार लाने की ताकीद भी की। कस्तूरबा विद्यालय अखंडनगर में बालिकाओं से बातचीत करते हुए सुविधाओं के बारे में जानकारी लेने के साथ ही छात्रावास के साथ क्लास रूम, सीसीटीवी कैमरा, रसोई, स्टोर रूम में उपलब्ध खाद्य सामग्री के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था को भी परखा।
दोस्तपुर विकास खंड सभागार में समीक्षा बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं को फायदा पात्र व्यक्तियों तक हर स्थिति में पहुंचाया जाए।