दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के धर्मपुर में बुधवार को छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद छात्र का शव गोसैसिंहपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया गया। पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
धर्मपुर गांव के रमेश कुमार का बेटा शिवम 11वीं का छात्र था। मंगलवार को वह किसी काम के सिलसिले में घर से निकला था। बुधवार को उसका शव गांव के बाहर झाड़ियों में रस्सी के फंदे से लटका मिला था। उसके शरीर पर नाम मात्र के कपड़े थे। उसी समय ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई थी। बृहस्पतिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शिवम का शव लेकर लौट रहे परिवारजन गोसैसिंहपुर मार्ग पर रुक गए। वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए और जाम लगा दिया। रमेश ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह मान मनौव्वल करके जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष पंडित त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।