बाराबंकी। हैदरगढ़ विधानसभा सीट का टिकट बदलकर भाजपा ने यहां नए चेहरे पर दांव लगाया था। लेकिन भाजपा ने यहां पर जीत का सिलसिला जारी रखते हुए भगवा फहराने में सफलता हासिल की है।
भाजपा ने यहां से विधायक रहे बैजनाथ रावत के बजाए इस बार के चुनाव में दिनेश रावत को मैदान में उतारा। भाजपा ने नए चेहरे पर दांव लगाया तो विरोध भी हुआ लेकिन बाद में सभी एकजुट हो गए। जिसका नतीजा रहा है कि बृहस्पतिवार को हुई मतगणना में दिनेश यहां से भगवा फहराने में पूरी तरह से सफल रहे।
लेकिन आठवें चरण की मतगणना में सपा के राममगन ने करीब तीन सौ वोटों की बढ़त ले ली जो 15वें राउंड तक चली। लेकिन इस बीच समर्थकों में खलबली मची रही। इसके बाद दिनेश ने फिर बढ़त बनाई जो अंत तक जारी रही और उन्हें एक लाख 13 हजार 151 मत हासिल किए जबकि सपा के राममगन को 88447 वोट ही मिल पाए।
इस तरह से भाजपा ने 24 हजार 704 वोटों से जीत दर्ज की। भाजपा ने भले ही इस सीट से टिकट बदल दिया हो लेकिन यहां के मतदाताओं ने एक बार फिर से भाजपा पर ही भरोसा जताया। जिसका नतीजा रहा है कि भाजपा उम्मीदवार इस सीट पर भगवा फहराने में पूरी तरह से सफल रहे। (संवाद)