बाराबंकी। जिले की छह विधानसभा सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होगा। इसको लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी होने का दावा किया गया है। वहीं शुक्रवार को जिले में चुनाव प्रचार का शोर थम गया। अब शहर में तीन स्थानों से दो-दो विधानसभाओं के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं।
सुबह करीब आठ बजे से मतदान कार्मिकों को बुलाया गया है जिससे पोलिंग पार्टियों के रवानगी का कार्य जल्द से जल्द शुरू करा दिया जाए। अधिकारियों ने रवानगी स्थल पर भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
शनिवार को कुर्सी और हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए केडी सिंह बाबू स्टेडियम, रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए नवीन मंडी स्थल से पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। जबकि बाराबंकी सदर और जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जीआईसी मैदान से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। इसके लिए इन तीन स्थलों पर पंडाल, बैरिकेडिंग, लाउडस्पीकर, पेयजल, मोबाइल शौचालय आदि की व्यवस्था पूरी होने का दावा किया गया है। पोलिंग पार्टियों को सुबह आठ बजे से रवाना करने की तैयारी है।
मतदान कर्मियों को बूथ तक पहुंचाने के लिए तीन स्थलों पर वाहन उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन पर पार्टी संख्या आदि का स्टीकर चस्पा करा दिया गया है। जिससे वाहन को तलाशने में कर्मचारियों को असुविधा न हो। जिले में 1707 मतदान केंद्र हैं, जबकि 2830 मतदेय स्थल (बूथ) बनाए गए हैं। कुल 2830 पोलिंग पार्टियों में 11 हजार 320 कार्मिक लगाए गए हैं।
जबकि 1149 कार्मिक रिजर्व के तौर पर लगाए गए हैं। इस प्रकार कुल 12 हजार 469 कार्मिक मतदान के लिए लगाए गए हैं। प्रभारी अधिकारी कार्मिक/ सीडीओ एकता सिंह ने बताया कि पोलिंग पार्टियों के रवानगी को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। तीनों रवानगी स्थल पर मूलभूत सुविधाएं रहेंगी। सुबह करीब आठ बजे से पार्टियां को रवाना करने का कार्य शुरू किया जाएगा।
रवानगी स्थल पर बनाए गए चार पंडाल
तीनों रवानगी स्थल पर चार पंडाल लगाए गए हैं। एक पंडाल रिजर्व के रूप में कार्मिकों के लिए बनाया गया है। जबकि दूसरे में स्टेशनरी वितरण तो तीसरे में सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट और चौथे में पुलिस बूथ का एक पंडाल शामिल है। इसके अलावा तीन स्थलों पर कुल 143 टेबल लगाई गईं हैं।
मार्ग का किया गया डायवर्जन
एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि पोलिंग पार्टियों को किसी प्रकार की असुुविधा न हो और जाम की स्थिति न पैदा हो इसके लिए रूट डायवर्जन किया गया है। पटेल तिराहे से रामनगर तिराहा और बड़ेल चौराहा व नाका सतरिख जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं लखनऊ की ओर से आने वाले वाहन असेनी मोड़ से हाईवे पर जाएंगे।
फतेहपुर देवा की ओर से आने वाले वाहन मामापुर नहर पुलिया से चिनहट होते लखनऊ जाएंगे। रामनगर मसौली तरफ से आने वाले वाहन बसुड़िया मोड़ सुरसंडा होते हुए हाईवे पर जाएंगे। हैदरगढ़ की ओर से आने वाले वाहन बड़ेल नहर पुलिया से दोनों ओर हाईवे के लिए मोड़ दिए जाएंगे जबकि जैदपुर से आने वाले वाहन पल्हरी बाईपास से मोड़ दिए जाएंगे। शहर के अंदर आने वाले कचहरी, कलेक्ट्रेट व अन्य कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारियों के वाहनों को छूट रहेगी।
विधानसभा-- पुरुष--महिला--थर्ड जेंडर-- कुल मतदाता
266 कुर्सी-- 210833--184164--10--395007
267 रामनगर-- 181440--156885--01--338326
268 बाराबंकी-- 208189--183777--34--392000
269 जैदपुर-- 208407--188455--14--396876
270 दरियाबाद-- 216903--195282--09--412194
272 हैदरगढ़-- 183014--166476--08--349498
----------------------------------------------
कुल-- 1208786--1075039--76--2283901