बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव आते ही कुछ माफिया बिल से बाहर आ गए हैं। एक माफिया यहां भी प्रचार करने आया था। 10 मार्च तक इंतजार करिए, नतीजे आते ही इनकी भी गर्मी निकाल दी जाएगी। योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था।
ईद और बकरीद पर ही बिजली मिलती थी लेकिन अब ऐसा नहीं होता, प्रदेश दंगामुक्त हो चुका है। शहर के साथ गांवों को भी भरपूर बिजली मिल रही है। अब कांवड़ यात्रा निकलती है और जहां बमबाजी होती थी वहां पर बम-बम हो रहा है। मुख्यमंत्री कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के गौरासैलक में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनकी सरकार में गोवंश को कटने नहीं दिया जाएगा मगर किसानों के खेतों को छुट्टा जानवरों को बर्बाद करने भी नहीं दिया जाएगा। सरकार इस समस्या का समुचित समाधान कर रही है। किसान भाजपा सरकार की प्राथमिकता में हैं।
सीएम योगी ने लोधेश्वर महादेव को प्रणाम करते हुए कहा कि पूर्व की सपा, बसपा की सरकार आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेने का प्रयास करती थी मगर उनकी सरकार में माफिया, गुंडे, समर्पण कर रहे हैं। जहां पर दंगे और बमबाजी होती थी वहां अब कांवड़ यात्रा निकलती है और बम-बम होती है। अब उत्तर प्रदेश बदल रहा है। कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा होती है। कांवड़ यात्रा देखकर लगता है कि साक्षात भोलेनाथ प्रदेश की विकास यात्रा को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।
तुष्टिकरण पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार में ईद और बकरीद में 24 घण्टे बिजली आती थी जबकि होली और दिवाली में अंधेरा रहता था। मगर भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर चलते हुए पूरे प्रदेश में 18 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार 15 करोड़ जनता को दो वक्त के राशन के साथ दाल, तेल और नमक मुहैया करा रही है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी को मुफ्त वैक्सीन लगवाई। अगर सपा सरकार होती तो वैक्सीन में भी दलाली हो जाती। जनसभा में मौजूद विशाल जनसमूह से कहा कि जब कब्रिस्तान बनवाने वाले वोट मांगने आएं तो उनसे कहना कि कब्रिस्तान में रहने वालों से वोट मांगे। इस मौके पर सांसद उपेंद्र सिंह रावत, राजरानी रावत, जिलाध्यक्ष शशांक कुसुमेश, विजय आनंद बाजपेयी आदि मौजूद रहे।