बाराबंकी। पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों को मंगलवार को चुनावी प्रशिक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण की दोनों पालियों से करीब 56 कर्मचारी नदारद रहे। जिस पर इनके खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आदर्श सिंह द्वारा विधानसभा चुनाव में लगाए गए कार्मिकों को मंगलवार को जीआईसी मैदान स्थित ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण दिया गया। दो पालियों में सुबह साढ़े 9 बजे से साढ़े 11 बजे तथा एक बजे से दोपहर 3 बजे तक करीब 1944 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
उन्होंने बताया कि पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम को मिलाकर दोनों पाली में कुल दो हजार कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाना था, जिसमें से दोनों पाली में मिलाकर कुल 1944 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम पाली में 21 तथा द्वितीय पाली में 35 कार्मिकों सहित कुल 56 कार्मिकों के नदारद पाये जाने पर उनके विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गई है। जो भी अधिकारी/ कर्मचारी विधानसभा निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में शिथिलता बरतेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कंट्रोल यूनिट को करें क्लियर
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि मॉक पोल कराने के बाद कंट्रोल यूनिट को क्लियर अवश्य करें। वीवी पैट के ड्राप बाक्स में गिरी मॉक पोल की पर्ची को निकाल कर उसके पीछे मुहर लगाकर इसे काले लिफाफे में रखकर सील करेंगे। इसे प्लास्टिक के डिब्बे में रखकर पिंक पेपर से सील करेंगे।
मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम/ वीवी पैट के कनेक्शन पर चर्चा करते हुए बताया कि बैलेट यूनिट को वीवी पैट से व वीवी पैट को कंट्रोल यूनिट से कनेक्ट किया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एकता सिंह, परियोजना निदेशक भोलानाथ कन्नौजिया, जिला विकास अधिकारी अजय पांडेय, आशीष पाठक आदि मौजूद रहे।