पलहरी स्थित उपकृषि निदेशक कार्यालय पर बृहस्पतिवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। इस दौरान किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि अवैध रूप से खनन हो रहा है। खनन वाले खेतों की मिट्टी निकाल ले रहे हैं।
किसानों ने जिलाधिकारी अजय यादव को बताया कि नहरों में पानी नहीं आ रहा है यहां तक नहरें सिल्ट से पटी पड़ी हैं जिससे किसानों को दिक्कतें हो रही हैं। शिकायतों के बाद भी सिंचाई विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि अवैध खनन करने वाले रात के अंधेरे में खेतों से मिट्टी निकाल ले जा रहे है।
इसका विरोध किया जाता है तो जान से मारने की धमकी दी जाती है। खनन इस तरह से कर रहे हैं इससे किसानों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि दुग्ध समितियां क्रय किए गए दूध का भुगतान नहीं कर रही हैं।
जनवरी माह तक ही भुगतान किया गया है इसके बाद का पैसा नहीं दिया जा रहा है। जिससे किसानों को आर्थिक दिक्कतें हो रही हैं। इस पर डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का निराकरण करने का आदेश दिया है।
इस मौके पर डीडीओ एके सिंह, उपकृषि निदेशक डॉ. एसपी सिंह, डॉ. एलएस यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह, डीएचओ जयकरन सिंह, कृषि अधिकारी रामकुमार यादव, कपिल पांडेय, आदिल, संदीप आदि मौजूद रहे।