बाराबंकी। आरएफसी अयोध्या मंडल ने शनिवार को नवीन मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्रय केंद्रों पर धान डंप देख कड़ी नाराजगी जताते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी को उठान में और तेजी लाने के आदेश दिए। कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
आरएफसी अयोध्या मंडल सत्येंद्र नाथ पांडेय ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार के साथ शनिवार को नवीन मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया कि यहां पर ऑफलाइन किसानों से धान की खरीद की जा रही थी। इस दौरान उन्होंने धान लेकर आए किसानों से बातचीत भी की।
निरीक्षण के दौरान आरएफसी ने पाया कि क्रय केंद्रों पर भारी मात्रा में धान डंप है जिस पर क्रय केंद्र प्रभारियों ने बताया कि राइस मिल मालिक तमाम प्रयासों के बाद भी धान की उठान नहीं कर रहे हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी से कहा कि अपनी देखरेख में केंद्रों पर लगे धान की उठान तेजी के साथ कराएं। क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धान की गुणवत्ता देखकर ही खरीद की जाए। इस मौके पर वरिष्ठ विपणन अधिकारी आलोक रंजन, अनूप कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।