बाराबंकी। शहर में मूलभूत सुविधाओं को बढ़ावा देने का काम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न कार्यों का प्रस्ताव बनाया गया है। इस काम पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। यह काम सभी 29 वार्डों में होगा। इससे सड़क, नाली, सीसी मार्ग, इंटरलॉकिंग कार्य आदि कराए जाने हैं। इन काम के होने से शहर में लोगों को बेहतर आवागमन की भी सुविधा मिल सकेगी।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर में लगातार सुविधाएं बढ़ाने का काम किया जा रहा है। सभी 29 वार्डों में सड़क, नाली, सीसी व इंटरलॉकिंग मार्ग सही से बने और जलभराव की समस्या से राहत मिले, इसके लिए लगातार प्रयास जारी है। पुराने शहर के वार्डों में तो नागरिक सुविधाएं ठीक हैं लेकिन जो नए इलाके शामिल हुए हैं उनमें लोगों को अच्छी सुविधा न मिलने से दिक्कत हो रही है।
लखपेड़ाबाग, मकदूमपुर, दीनदयाल नगर, आवास विकास, पैसार, महुवारीकापुरवा, डिवाइन ग्रीन सिटी, महादेव सिटी, खलरिया, लक्ष्मणपुरी कालोनी, जलालपुर आदि ऐसे इलाके हैं जहां पर अभी न तो सही से सड़कें बन सकी हैं और न ही जलनिकासी के लिए कोई इंतजाम किए गए हैं। इन इलाकों में घरों से निकलने वाला पानी खाली पड़े प्लॉटों में डंप होता है।
इसके चलते यहां पानी भरने से संक्रामक बीमारियां पांव पसार लेती हैं। इन सभी दिक्कतों को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने ऐसे इलाकों पर ज्यादा फोकस किया है जहां पर ज्यादा समस्याएं हैं। करीब 10 करोड़ रुपये इन इलाकों पर खर्च किए जाने हैं। विभाग ने इसका प्रस्ताव बना लिया है। अब उस पर मुहर लगने के बाद इन कामों का टेंडर कराया जाएगा। इसके बाद यह काम शुरू हो सकेंगे। यदि यह काम सही तरीके से हुए तो शहर में कई इलाकों में सुविधाओं में खासा इजाफा हो सकेगा।
लगातार यह प्रयास जारी है कि शहर में सुविधाओं को बढ़ाया जाए। कई कार्यों का प्रस्ताव बनाया गया है जिस पर शासन की स्वीकृत के बाद जल्द ही काम शुरू हो सकेेंगे।
-पवन कुमार, ईओ