मसौली (बाराबंकी)। ब्लाक मुख्यालय आने वाले ग्राम प्रधानों को अब इधर उधर बैठने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। ग्राम प्रधान संघ की मांग पर नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख रईस आलम ने ब्लाक मुख्यालय पर भव्य प्रधान कक्ष बनवाने की मंजूरी दी है।
56 ग्राम पंचायतों वाले विकास खंड मसौली में अपने कार्यों को लेकर आने वाले ग्राम प्रधानों के लिए कहीं बैठने की जगह न होने से ज्यादातर ग्राम प्रधान बाबू के कमरों में भटकते रहते थे। मंगलवार को ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मुबीन सिकंदर की अगुवाई में दो दर्जन से अधिक ग्राम प्रधानों ने नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख रईस आलम से ब्लाक परिसर के ग्राम प्रधानों के बैठने के लिए कक्ष की व्यवस्था करने की मांग की।
ब्लाक प्रमुख रईस आलम ने ग्राम प्रधानों के साथ खंड विकास अधिकारी के आवास के बगल में खाली पड़ी जमीन में प्रधान कक्ष बनवाने के लिए जमीन का चिन्हांकन कर खंड विकास अधिकारी डॉ. संस्कृता मिश्रा से विचार विमर्श कर अवर अभियंता आरईएस से इस्टीमेट बनाने के लिए कहकर ग्राम प्रधानों की मांग पर मुहर लगाई।
जिस पर ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष मुबीन सिकंदर, प्रधान सुरेशचन्द्र, इन्दु प्रकाश यादव, दिनेश कुमार, इसरार अहमद, विनय वर्मा, उमाकान्त राव, रामसिंह यादव, रामकैलाश आदि ने खुशी जताई है। (संवाद)