महादेवा (बाराबंकी)। गांव के बाहर संदिग्ध हालात में एक बुजुर्ग का शव पेड़ से लटकता पाया गया। वह अपने परिवारीजन से बहन के घर जाने की बात कहकर निकला था। पुलिस ने आत्महत्या किए जाने की बात कही है।
गोंडा जिले के बेगम उमरी निवासी प्रेमानंद सिंह (68) की बहन शांती देवी की रामनगर इलाके के जुरौंड़ा गांव में ससुराल है। प्रेमानंद बुधवार को अपने घर वालों से बहन के घर जुरौंड़ा जाने की बात कहकर निकला था। इधर, ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह उसका शव जुरौंड़ा गांव के बाहर आम के पेड़ पर रस्सी से बने फंदे के सहारे लटकता देखा।
सूचना पर पहुंचे महादेवा चौकी इंचार्ज ने शव को नीचे उतरवा कर उसकी पहचान कराई। बहन शांती देवी ने पुलिस को बताया कि बुधवार देर रात तक भाई प्रेमानंद उनके घर नहीं पहुंचे थे। सुबह ग्रामीणों से घटना की जानकारी हो सकी। इंस्पेक्टर रामचंद्र सरोज ने बताया कि आत्महत्या किए जाने की बात कही जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।