टिकैतनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में सरयू नदी में मिला। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामला टिकैतनगर थाना क्षेत्र के बराइन गांव का है। यहां के निवासी दीपू ने चार दिन पहले बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर देकर पत्नी बबिता की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। शुक्रवार शाम थाना क्षेत्र के ही कोठरी गोरिया गांव के करीब पीपा पुल के पास महिला का शव पड़ा देखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।
उसकी शिनाख्त बबिता के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ओमप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बेटी की हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया। उसने बताया कि उसका दामाद आए दिन नशे की हालत में घर पहुंचकर उसकी बेटी से विवाद करता था।
इसको लेकर उसकी बेटी व दोनों बच्चे ननिहाल में रहते हैं। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।
गोमती में मिला लापता युवक का शव
सुबेहा। गोमती के बिगनिहा घाट पर नाव डूबने की घटना में लापता युवक का शव तीन दिन बाद रेस्क्यू में जुटी एनडीआरएफ की टीम ने खोज निकला। सुबेहा थाना क्षेत्र के बिगनिहा घाट पर 15 मार्च को गोमती में नाव पलटने से नाविक समेत 13 लोग डूब गए थे। इसमें से 11 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली थी। जबकि एक बुजुर्ग का शव गोताखोरों ने बाहर निकला था।
जबकि एक अन्य युवक की तलाश को लेकर एनडीआरएफ की टीम लगाई थी। तीन दिन चले रेस्क्यू के बाद एनडीआरएफ की टीम ने बृहस्पतिवार का अयोध्या के मवई थाना क्षेत्र के नौगवां डीह निवासी जगदीश सिंह का शव गोमती के कैथीघाट के समीप से बरामद किया। एसओ शिव नारायण सिंह ने बताया कि नाव पलटने से लापता जगदीश का शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)