कोठी (बाराबंकी)। कोठी थाने में सिद्धौर रजबहा में मंगलवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव पानी में उतराता दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो उसके नाक से खून निकल रहा था। ऐसे में रात में ही महिला की हत्या कर शव को रजबहा में ठिकाने लगाने की आशंका ग्रामीणों ने जताई। हालांकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज महिला की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। दोपहर बाद एएसपी दक्षिणी ने भी मौके का निरीक्षण किया।
कोठी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह सिद्धौर रजबहा में शाहपुर मजरे सरसा के पास पटरी से गुजर रहे ग्रामीणों ने एक महिला का शव पानी में उतराता देखा। इसकी सूचना से हड़कंप मच गया। आसपास के गांवों के काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रभारी निरीक्षक संजीत सोनकर भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से रजबहा से महिला (50) का शव बाहर निकाला गया।
उसकी नाक से खून का रिसाव हो रहा था। महिला को देखने से यह पता लग रहा था कि रात में उसकी हत्या कर शव को रजबहा में ठिकाने लगाया गया था। हालांकि पुलिस ने पंचनामा कराने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर में एएसपी मनोज पाण्डेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रभारी निरीक्षक से इस संबंध में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक संजीत कुमार सोनकर ने बताया कि महिला की शिनाख्त व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।